लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने केदारघाटी में हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं। मन्दाकिनी नदी कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। Rain In Rudraprayag उफनती नदी और लगातार हो रहे भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हो गया है, जबकि केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह पहाड़ियों से मलबा और विशाल बोल्डर गिरने का सिलसिला जारी है। बीते रात बारिश के कारण केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर गौरीकुंड से आगे दो-तीन स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से बृहस्पतिवार सुबह यात्रा मार्ग बाधित हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने मार्ग पर आवाजाही रोक दी है। वहीं मौके पर वाईएमएफ और डीडीआरएफ की टीम मौजूद है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि भारी बारिश के चलते केदारनाथ पैदल मार्ग पर कई स्थानों पर मलबा आने से मार्ग बाधित हुआ है। इसके कारण यात्रियों की आवाजाही को रोक दिया गया है। वहीं संबंधित विभाग की टीमें मौके पर मलबा हटाने के कार्य में जुटी हैं।