देहरादून: इन दिनों उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में झमाझम बारिश हो रही है। उत्तराखंड मौसम विभाग ने आज राजधानी देहरादून और नैनीताल जनपद में भारी बारिश की संभावना जताई है. इसको देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र बौछार का पूर्वानुमान जताया है. प्रदेश में आज अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम तापमान 24°C के करीब रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एवं वरिष्ठ मौसम विज्ञानी विक्रम सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान देहरादून और नैनीताल में आपदा प्रबंधन के लिहाज से सतर्क रहने की जरूरत है। इस संबंध में राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया है। दूसरी ओर राजधानी और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावनाओं के मद्देनजर जिलाधिकारी सोनिका ने आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
सहस्रधारा क्षेत्र में बरसाती नालों के उफान पर आने से कई स्थानों पर मार्ग बाधित हुए। नदियों के किनारे बसे व्यक्तियों के आवासों को खतरा पैदा हो गया है। मसूरी में 24 घंटे के भीतर 194 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सहस्रधारा क्षेत्र में भी 150 मिमी से अधिक वर्षा रिकार्ड की गई। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी बारिश से नरेंद्र नगर के पास भूस्खलन होने से सड़क के नीचे से जमीन खिसक गई, जिससे हाईवे को शुक्रवार को भी भारी वाहनों की आवाजाही के लिए प्रतिबंधित रखा गया। एमजी कांट्रेक्टर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक एनके यादव ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से भारी वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। कंपनी मौके पर लगातार मार्ग की मरम्मत का कार्य कर रही है। जल्द मार्ग को भारी वाहनों के लिए भी खोल दिया जाएगा।