जहां भारत के ज़्यादातर हिस्सों में दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचता है, वहीं उत्तराखंड के जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर में दृश्य ठीक उलटा होता है। यहां दुल्हन खुद बारात लेकर जाती है — और यही परंपरा जजौड़ा कहलाती है। The Bride’s Procession – Jajoda Tradition देहरादून ज़िले के पहाड़ी क्षेत्र जौनसार-बावर में आज भी सदियों पुरानी जजौड़ा परंपरा निभाई जाती है। इस समाज में विवाह को समानता का प्रतीक माना जाता है — और इसी सोच के तहत यहां कन्या पक्ष, यानी दुल्हन का परिवार, पूरे रीति-रिवाज़ के साथ बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंचता है। खासकर परिवार के बड़े बेटे की शादी के दौरान यह बरसों पूरानी परंपरा निभाई जाती है। ढोल-दमाऊं की थाप, लोकगीतों की लय और पारंपरिक पोशाकों में सजे युवक-युवतियां और बुजुर्ग इसमें शामिल होते हैं। जजौड़ा की यह बारात नाचते-गाते हुए दुल्हन के घर से निकलकर दूल्हे के घर पहुंचती है, जहां शादी की रस्में निभाई जाती हैं। यहां निभाई जाने वाली वैवाहिक रीति रिवाज पूरी तरह स्थानीय परंपरा के अनुसार होती है।
स्थानीय लोगों और बुजुर्गो का कहना है कि उनके यहां महिलाओं की भी उतनी ही अहमियत है जितनी पुरूषों की। इसलिए उनकी संस्कृति में दुल्हन बारात लेकर आती है — ये समानता और सम्मान का प्रतीक है। जिससे कन्या पक्ष पर शादी के दौरान होने वाले अतिरिक्त खर्च पर भी कमी रहती है। इन लोगों का मानना है कि, यह परंपरा जौनसार समाज के मातृप्रधान मूल्यों से जुड़ी है, जहां स्त्रियों को हमेशा से सम्मान और निर्णायक भूमिका मिलती आ रही है। जहां बाकी समाज में शादी का मतलब है — दूल्हे की बारात, वहीं जौनसार-बावर हमें सिखाता है कि प्रेम और सम्मान की कोई दिशा नहीं होती। यहां दुल्हन की बारात सिर्फ़ परंपरा नहीं —बल्कि नारी समानता और लोकगौरव की मिसाल है। जजौड़ा में गाए जाने वाले लोकगीत सिर्फ़ प्रेम नहीं, बल्कि जीवन के संवाद और सामाजिक रिश्तों की झलक भी हैं।