आईएमए की पासिंग आउट परेड में अंतिम पग भरते ही 481 जेंटलमैन कैडेट भारतीय सेना में अधिकारी बन गए। इसके अलावा 16 मित्र देशों के 34 विदेशी कैडेट भी प्रशिक्षण पूरा कर अपने-अपने देशों की सेनाओं का हिस्सा बने। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परेड की सलामी ली। इससे पहले सुबह 6:42 बजे मार्कर्स काल के साथ परेड का आगाज हुआ। इसके बाद कंपनी सार्जेंट मेजर रक्षित यादव, पुनीत राठी, सौरव सिंह सिकरवार, अमित कुंतल, ध्रुव कौशिक और यशराज पांडे ने ड्रिल स्क्वायर पर अपनी जगह ली। सुबह 6:47 बजे एडवांस काल के साथ विशाल कुमार के नेतृत्व में कैडेट पूरे सैन्य अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ ड्रिल स्क्वायर पर पहुंचे।उन्होंने सटीक तालमेल और शानदार मार्चपास्ट का प्रदर्शन कर उपस्थित गणमान्य अतिथियों, सैन्य अधिकारियों और परिजनों का मन मोह लिया। परेड के सबसे भावुक क्षणों में से एक वह रहा, जब युवा सैन्य अधिकारियों ने ‘अंतिम पग’ पार कर सैन्य जीवन में प्रवेश किया।