राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी की मैस में फिर परोसा गया कीड़ों वाला खाना, खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिया एक्शन

Spread the love

नैनीताल जिले में राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार मामला कॉलेज की मेस में दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने कॉलेज प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। Haldwani Insects found in mess food वायरल वीडियो में एक छात्र अपनी थाली में परोसे गए छोले में कीड़े दिखाता नजर आ रहा है। इसके बाद छात्र कैमरा लेकर किचन तक पहुंचता है और वही बर्तन दिखाता है जिसमें छोले पकाए गए थे। उसमें भी कीड़े साफ नजर आ रहे हैं। वहीं इन आरोपों पर मेस संचालक का भी जवाब आया है। उन्होंने कहा कि छोले को पकाने से पहले अच्छी तरह धोया गया था। उस समय कीड़े नहीं दिखे। शिकायत मिलते ही तुरंत सब्जी परोसना बंद कर दाल तैयार कर छात्रों को दी गई।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अरुण जोशी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मेस संचालक से जवाब-तलब किया गया है और मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन देना कॉलेज प्रशासन की प्राथमिकता है और इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि खास सुरक्षा विभाग की टीम ने भी खाने का नमूना लिया गया है। प्रथम दृष्टि मेस संचालक की लापरवाही सामने आई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी में भी मेस में बासी भोजन और एक्सपायरी डेट के चावल व मसालों के इस्तेमाल का मामला सामने आया था।