ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से पहले ऋषिकेश पहुंचे कोहली-अनुष्का, PM मोदी के गुरु के आश्रम टेका माथा

Spread the love

भारतीय टीम के बैटर विराट कोहली इस वक्‍त टीम इंडिया से ब्रेक पर हैं। खाली वक्‍त पर पूर्व कप्‍तान एक बार फिर आध्‍यात्मिक यात्रा पर निकल गए हैं। विराट और उनकी पत्‍नी अनुष्‍का शर्मा ऋषिकेश पहुंचे, जहां उन्‍होंने स्‍वामि दयानंद जी महाराज के आश्रम में दर्शन किए। स्वामी दयानंंद गिरि पीएम नरेंद्र मोदी के गुरू थे। बताया जा रहा है कि विराट कोहली और अनुष्का धार्मिक अनुष्ठान के सिलसिले में यहां पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अपनी बेटी वामिका के साथ आज आश्रम में धार्मिक अनुष्ठान करेंगे। आश्रम के प्रबंधक गुणानंद रयाल ने बताया कि उन्होंने यहां पहुंचकर ब्रह्मलीन दयानंद सरस्वती की समाधि के भी दर्शन किए। इसके बाद दोनों ने गंगा आरती में भाग भी लिया।

दयानंद सरस्वती पीएम मोदी के आध्यात्मिक गुरु थे। पीएम खुद उनसे मुलाकात करने के लिए ऋषिकेश के शीशम झाड़ी स्थित स्वामी दयानंद सरस्वती के आश्रम पहुंचे थे। बाद में स्वामी दयानंद सरस्वती ब्रह्मलीन हो गए थे। कोहली और अनुष्का ने उनके आश्रम पहुंचने के बाद सबसे पहले दयानंद सरस्वती की समाधि स्थल पर उनकी पूजा अर्चना की। साथ ही 20 मिनट ध्यान भी लगाया। तीन वर्षों तक एक भी अंतरराष्ट्रीय शतक नहीं लगा पाने के बाद कोहली ने इस साल की बेहतरीन शुरुआत की और दो शतक लगा चुके हैं। अब वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज में दिखेंगे। इस सीरीज की शुरुआत नौ फरवरी से होने जा रही है।