तुंगनाथ ट्रेक पर बड़ा हादसा: खाई में गिरी महिला, रेस्क्यू जारी

Spread the love

रुद्रप्रयाग जिले में प्रसिद्ध तुंगनाथ ट्रेक रूट पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा सामने आया, जहाँ गणेश मंदिर के समीप एक महिला पर्यटक अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना 20 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:21 बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के निर्देश पर एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और आपदा मित्रों की संयुक्त रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, रात के घने अंधेरे और खाई की अत्यधिक गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते रविवार देर रात करीब 12:30 बजे सर्च ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। सोमवार सुबह होते ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीमों ने लापता महिला की तलाश के लिए दोबारा व्यापक खोजी अभियान शुरू कर दिया है। रेस्क्यू कर्मी रस्सी और अन्य आधुनिक उपकरणों के सहारे गहरी खाई में उतरकर महिला का सुराग लगाने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा अभी तक लापता महिला यात्री के नाम, पते या उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में कोई आधिकारिक विवरण साझा नहीं किया गया है।