देहरादून में आधी रात मुठभेड़! पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल!| Uttarakhand News

Spread the love

देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नयागांव के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही पुलिस टीम ने जब फर्जी नंबर प्लेट लगी एक संदिग्ध बाइक को रुकने का इशारा किया, तो उस पर सवार दोनों बदमाशों ने रुकने के बजाय बुडपुर की तरफ भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस के वाहन पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पुलिस की गाड़ी का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से मौके पर ही गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।

पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान शमीम और शहजाद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरिद्वार जिले के रुड़की के निवासी हैं। पुलिस ने घटनास्थल से बदमाशों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर की देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखे और फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी पहले से ही गैंगस्टर एक्ट समेत चोरी और नकबजनी के कई मामलों में जेल जा चुके हैं और इलाके में बंद पड़े घरों की रेकी कर बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।