उत्तराखंड के कोटद्वार में ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से चर्चित दीपक कुमार को पुलिस ने एक साड़ी व्यापारी को धमकी देने और बदसलूकी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा विवाद मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाए जाने से जुड़ी एक फेसबुक पोस्ट पर शुरू हुआ था। इस पोस्ट पर कोटद्वार के एक स्थानीय साड़ी व्यवसायी संजीव टोंक ने अपनी राय रखते हुए कमेंट किया था। आरोप है कि इस कमेंट से नाराज होकर दीपक कुमार गुरुवार को व्यापारी की दुकान पर धमक पड़े और वहां उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया।
इस गिरफ्तारी के बाद कोटद्वार कोतवाली में स्थानीय व्यापारियों और दक्षिणपंथी हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। इलाके में बढ़ते सांप्रदायिक और सामाजिक तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया। शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावित बाजार क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पुलिस ने नगर निगम क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों ने जनता से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट या कमेंट न करने और शांति बनाए रखने की अपील की है, और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।