पर्यटकों से गुलजार हुआ नैनीताल, वीकेंड पर बढ़ी भीड़

सरोवर नगरी में सैलानियों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। वीकेंड पर नगर के कई होटल एडवांस में बुक हो चले हैं।

Share

सरोवर नगरी में सैलानियों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। वीकेंड पर नगर के कई होटल एडवांस में बुक हो चले हैं। Nainital Tourism शुक्रवार को नगर के पार्किंग स्थल पर्यटक वाहनों से पटे नजर आए। क्रिसमस पर्व के अवकाश के चलते वीकेंड लंबा हो चला है। जिसके चलते शुक्रवार से ही सैलानियों का नैनीताल पहुंचने का क्रम शुरू हो गया सैलानियों की आमद बढ़ने से नगर में चहल-पहल बढ़ गई है। कारोबारियों को उम्मीद है कि नए साल तक यह सिलसिला जारी रहेगा। शुक्रवार को यहां राजभवन, स्नोव्यू, केव गार्डन, हिमालय दर्शन, चिड़ियाघर, वाटर फाल व हनुमानगढ़ी में सैलानियों की चहल-पहल रही। शाम के समय सैलानियों ने माल रोड पर चहलकदमी का आनंद उठाया।

मौसम साफ होने के कारण सैलानी बड़ी संख्या में सूर्यास्त का नजारा देखने के लिए हनुमानगढ़ी भी पहुंचे हुए थे। नगर के समीपवर्ती अन्य पर्यटन स्थलों में भी सैलानियों की चहल पहल रही। मुक्तेश्वर, रामगढ़, भवाली, कैंची धाम, सातताल, पंगोठ व भीमताल में भी सैलानी नजर आए। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पीआरओ रुचिर साह के अनुसार क्रिसमस व नए साल में वीकेंड होने की वजह से इस बार बंपर कारोबार की उम्मीद है। मां नयना देवी व्यापार मंडल ने क्रिसमस व नववर्ष पर नगर की पार्किंग सौ प्रतिशत फुल होने के बाद ही पर्यटक वाहनों को रोकने की मांग की है। इस संदर्भ में शुक्रवार को संगठन की ओर से सीओ सिटी विभा दीक्षित को ज्ञापन दिया गया। अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने क्रिसमस व नववर्ष के दौरान नगर की 70 प्रतिशत पार्किंग भरने पर पर्यटक वाहनों को रोकने का निर्णय लिया है, जो तर्कसंगत नहीं है।