नैनीताल। जनपद में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत बन रही सड़कों की खराब गुणवत्ता और निर्माण कार्यों में हो रही बेवजह देरी को लेकर जिलाधिकारी (DM) ललित मोहन रयाल ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक के दौरान ठेकेदारों के प्रति कथित नरमी दिखाने वाले इंजीनियरों की क्लास लगाते हुए डीएम ने दो टूक कहा कि यदि अधिकारी अपनी सरकारी जिम्मेदारी नहीं निभा सकते, तो वे नौकरी छोड़कर ठेकेदारों की मुनीमगिरी कर लें। बैठक के दौरान 29 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना के अधूरे काम और गुणवत्ता से समझौते पर डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जनता के टैक्स के पैसे की बर्बादी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि इंजीनियर सरकार से वेतन लेते हैं, इसलिए वे ठेकेदारों के हितों की रक्षा करने के बजाय जनहित में पारदर्शिता के साथ काम करें।
निर्माण कार्यों में लापरवाही और खराब प्रदर्शन के चलते डीएम ने PMGSY के तीन डिवीजनों के अधिशासी अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो संबंधित अधिकारियों की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी। ओखलकांडा मल्ला रोड: इस सड़क के निर्माण में हो रही देरी और स्थानीय विवाद की निष्पक्ष जांच के लिए एसडीएम धारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। पार्किंग प्रोजेक्ट्स: नैनीताल स्थित मेट्रोपोल पार्किंग और रामनगर पार्किंग के निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर डीएम ने नाराजगी जताई और पेयजल निर्माण निगम के अभियंताओं से कार्य की दैनिक प्रगति रिपोर्ट मांगी है।