चमोली में कुदरत का कहर, पंच केदार कल्पेश्वर मंदिर के पीछे भीषण भूस्खलन

Spread the love

चमोली जिले के जोशीमठ विकासखंड स्थित उरगम घाटी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मंगलवार की देर रात प्रसिद्ध पंच केदार कल्पेश्वर महादेव मंदिर के ठीक पीछे की पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। Landslide at Kalpeshwar Mahadev Temple पहाड़ी से आए टन मलबे और मिट्टी ने पूरे मंदिर परिसर को अपनी चपेट में ले लिया है। पहाड़ से आए मलबे के कारण मंदिर का प्रांगण पूरी तरह भर चुका है। इसके साथ ही परिसर में बनी मूर्तियां, मुख्य रास्ते, सुरक्षा रेलिंग और टिन शेड पूरी तरह टूट गए हैं। यह घटना देर रात की है, जिसके चलते चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मंदिर समिति के सचिव लक्ष्मण नेगी ने जानकारी दी कि हादसे के वक्त सभी लोग सुरक्षित दूरी पर थे, जिससे किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति और उरगम घाटी के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और एकजुट होकर राहत कार्यों में जुट गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर मंदिर परिसर से मलबे और पत्थरों को हटाने का काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन की टीम को भी नुकसान का सही आकलन करने और प्रभावित क्षेत्र में मदद पहुंचाने के लिए मौके पर रवाना कर दिया गया है।