जंगल में मिली घास की गठरी और दरांती, पर महिला का सुराग नहीं; पौड़ी में गुलदार के हमले की आशंका

Spread the love

पौड़ी शहर से सटे दंदल गांव में शुक्रवार शाम मवेशियों के लिए घास लेने जंगल गई एक महिला रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। जंगल में महिला की चुन्नी, दरांती और घास की गठरी बरामद होने के बाद ग्रामीणों और प्रशासन ने गुलदार के हमले की प्रबल आशंका जताई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी नागदेव रेंज अंतर्गत दंदल गांव निवासी रेखा देवी (उम्र लगभग 35 वर्ष) शुक्रवार शाम करीब 4 बजे घर के पास ही स्थित जंगल में घास काटने गई थीं। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल में खोजबीन शुरू की, जहां झाड़ियों के पास रेखा देवी की दरांती, चुन्नी और घास की गठरी पड़ी मिली, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

ग्रामीणों का कहना है कि दंदल गांव और आसपास के जंगलों में पिछले कुछ दिनों से गुलदार की लगातार आवाजाही देखी जा रही है। ऐसे में घटनास्थल पर महिला का सामान बिखरा मिलने से गुलदार द्वारा हमला कर उन्हें घसीट ले जाने की आशंका गहरा गई है। महिला के लापता होने की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। पौड़ी की एसडीओ (SDO) आयशा बिष्ट ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद अलग-अलग टीमें गठित कर ग्रामीणों के सहयोग से जंगल में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। रात में घने जंगल और अंधेरे के कारण सर्च ऑपरेशन में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि पौड़ी गढ़वाल जिले में हाल के दिनों में गुलदार के हमलों की घटनाओं में तेजी आई है। इससे महज चार दिन पहले ही (23 नवंबर को) कोटद्वार क्षेत्र के कोटड़ीढांग गांव में भी घास लेने गई 42 वर्षीय कविता कोठियाल पर गुलदार ने हमला कर दिया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी।