‘राहुल मियां’ शब्द पर उत्तराखंड में सियासी संग्राम: भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कांग्रेस पर तीखा हमला

Spread the love

उत्तराखंड की राजनीति में इस समय ‘मियां’ शब्द को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘राहुल मियां’ कहकर संबोधित किए जाने के बाद, कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं। कांग्रेस की तीखी आपत्ति पर पलटवार करते हुए उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का बड़ा आरोप लगाया है। यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब भाजपा नेता नितिन नवीन ने एक बैठक के दौरान राहुल गांधी के लिए ‘मियां’ शब्द का इस्तेमाल किया। कांग्रेस ने इस बयान को अमर्यादित बताते हुए इसका कड़ा विरोध किया और कहा कि भाजपा जानबूझकर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस के विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस हमेशा मुस्लिम वोट बैंक पर निर्भर रही है और जिसने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है, उसे अब ‘मियां’ शब्द से इतनी दिक्कत क्यों हो रही है? भट्ट ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि ‘मियां’ का शाब्दिक अर्थ ‘श्रीमान’ या एक सम्मानित व्यक्ति होता है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत के एक पुराने बयान की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके क्षेत्र में ‘मियां’ शब्द का इस्तेमाल ‘पिता’ के संबोधन के लिए होता है। भट्ट ने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस में राजनीतिक मजबूरी के हिसाब से कभी पिता को मियां और कभी मियां को पिता बताने की नौबत आ जाती है।

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, इसलिए कांग्रेस देवभूमि में जनता को गुमराह करने के लिए अपना रंग बदल रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को किसी अन्य राज्य में इस शब्द से कोई आपत्ति नहीं होगी, लेकिन उत्तराखंड में चुनावी फायदे के लिए कांग्रेस नेता इसे मुद्दा बना रहे हैं। महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के पुराने स्टैंड पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने समान नागरिक संहिता, अवैध मदरसों पर कार्रवाई और ‘लैंड जिहाद’ जैसे मुद्दों का हमेशा विरोध किया है। ऐसे में अब उनका ‘मियां’ शब्द पर बिदकना सिर्फ एक राजनीतिक ढोंग है, जिसे राज्य की जनता अच्छी तरह समझती है।