मूसलाधार बारिश से हरिद्वार का आम जनजीवन प्रभावित हो गया। बारिश ने हरिद्वार में जलनिकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। गुरुवार सुबह शहर के कई प्रमुख चौराहे जलमग्न हो गए, जिससे यातायात प्रभावित रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना। हरिद्वार के भगत सिंह चौक पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। वहीं चंद्राचार्य चौक और सिटी अस्पताल के बाहर भी जलभराव होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई दुकानों में भी बारिश का पानी घुसने से व्यापारियों को नुकसान हो गया। साथ ही दुकानों के बाहर खड़े वाहन भी आधे पानी में डूबते नजर आए।