Uttarakhand Weather: पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, मैदानों में रहेगा कोहरे का कहर

मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले में भारी कोहरा छाया रहेगा। इन दोनों ही जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया हुआ है।

Share

उत्तराखंड में दो दिन बाद शुक्रवार को आसमान साफ हुआ और ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिली। हालांकि, बर्फीली हवाओं से दून समेत ज्यादातर जिले ठिठुर गए। Uttarakhand weather alert today मौसम विभाग ने शनिवार यानि आज कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी, जबकि ऊंचे स्थानों पर हल्की बर्फबारी की आशंका व्यक्त की है। दूसरी तरफ मैदानी जिलों में एक बार फिर कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। खास तौर पर दो जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले में भारी कोहरा छाया रहेगा। इन दोनों ही जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया हुआ है। हालांकि देहरादून के कुछ क्षेत्रों में भी हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके अलावा राज्य के बाकी सभी जगहों पर आसमान साफ रहेगा।

वहीं, कल रविवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। पहाड़ों में बर्फबारी तो मैदान में बारिश होने की संभावना है। इसके अगले दिन पांच फरवरी को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार बारिश-बर्फबारी के साथ बिजली चमकने और ओलावृष्टि होने से तापमान में भी कमी दर्ज की जाएगी। छह फरवरी को प्रदेश भर का मौसम साफ रहेगा। शुक्रवार को देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह से ही धूप खिली रही। हालांकि, बर्फीली हवाएं चलने से दिनभर ठिठुरन बनी रही। जिससे पारे में गिरावट दर्ज की गई। दून में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह से ही हिमपात का नजारा देखने के लिए मसूरी धनोल्टी मार्ग पर पर्यटकों का तांता लगा रहा। मसूरी में भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे।