उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने और हर वर्ग की भागीदारी बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। विशेष रूप से राज्य के पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने और वापस घर छोड़ने के लिए इस बार व्हीलचेयर के साथ-साथ डोली और डंडी-कंडी की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए बीएलओ के माध्यम से घर-घर जाकर दिव्यांग और अशक्त मतदाताओं की स्पेशल मैपिंग की जा रही है, ताकि प्रत्येक बूथ पर उनकी वास्तविक जरूरतों का पहले से आकलन कर संसाधन जुटाए जा सकें।
प्रशासन की इस पहल को धरातल पर उतारने के लिए प्रत्येक गांव और मतदान केंद्र पर एनसीसी (NCC) और एनएसएस (NSS) के स्वयंसेवियों को ‘दिव्यांग मित्र’ के रूप में तैनात किया जाएगा, जो बुजुर्गों और दिव्यांगों की सहायता करेंगे। इसके अलावा, सभी मतदान केंद्रों को भूतल (ग्राउंड फ्लोर) पर बनाने के साथ ही वहां रैंप, ब्रेल लिपि वाली मतदाता पर्ची और अलग कतार जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाता यदि बूथ तक जाने में असमर्थ हैं, तो वे फॉर्म-12D भरकर घर बैठे पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकेंगे या चुनाव आयोग के ‘सक्षम ऐप’ के जरिए वाहन व व्हीलचेयर की सुविधा बुक कर सकेंगे।