Uttarakhand weather: प्रदेश भर में मौसम खुशनुमा, मैदानी क्षेत्रों में कोहरे ने बढ़ाई टेंशन

Spread the love

उत्तराखंड में मौसम के बदलते ही बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। Uttarakhand Weather News Today खास बात ये है कि नैनीताल, उत्तरकाशी, चकराता, धनोल्टी, मसूरी समेत कई इलाकों से बर्फबारी की तस्वीरें सामने आ रही हैं। इस बीच केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री व बद्रीनाथ धाम में जमकर बर्फबारी हुई है। बीते दो दिन बारिश बर्फबारी के बाद आज प्रदेश भर में मौसम साफ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक राहत मिली है। इसके बाद तीन फरवरी की रात मौसम एक बार फिर करवट लेगा और चार-पांच फरवरी को बारिश-बर्फबारी की संभावना है। पांच फरवरी के बाद प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। लेकिन प्रदेश के दो मैदानी जिले एक बार फिर घने कोहरे से घिरने वाले हैं। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कोहरे को लेकर एक बार फिर लोगों की परेशानियां बढ़ने वाली हैं।

मौसम विभाग ने इन दोनों ही जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि गुरुवार को बारिश होने के कारण कोहरे से कुछ राहत मिली थी, लेकिन शुक्रवार को फिर एक बार घना कोहरा लोगों की परेशानियां बढ़ा सकता है। देहरादून के लिए मौसम विभाग द्वारा की गई भविष्यवाणी के अनुसार राजधानी में मौसम साफ रहेगा। वही, ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। बड़ी संख्या में सड़कें बंद हो गई हैं और करीब 100 से अधिक गांव का संपर्क कट गया है। मौसम के करवट बदलने से ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। चारधाम बर्फ से लकदक हो गए हैं। केदारनाथ में ढाई फीट से अधिक बर्फ जम गई है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग में तुंगनाथ, मध्यमेश्वर व जनपद की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दूसरे दिन भी भारी हिमपात हुआ।