उत्तराखंड के चमोली जिले के चौखंबा में फंस गए अमेरिका और ब्रिटेन के दो पर्वतारोहियों की तलाश के लिए भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टरों ने अभियान शुरू कर दिया। American and British climbers stranded in Chamoli राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, विदेशी पर्वतारोहियों की तलाश का अभियान सुबह आठ बजे शुरू किया गया। भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन (आईएमएफ) द्वारा भेजे गए विदेशी पर्वतारोहण अभियान में शामिल पर्वतारोहियों के लॉजिस्टिक सामान तथा तकनीकी उपकरण नीचे गिर गए और इस कारण वे वहीं फंस गए। यह घटना 6500 मीटर की ऊंचाई पर चौखंबा में गुरुवार दोपहर लगभग तीन बजे हुई।
6995 मीटर की ऊंचाई पर स्थित चौखंबा पर्वत-थ्री के आरोहण के लिए ब्रिटिश नागरिक फायजने मान्नेरस (27) व यूएसए नागरिक मिचेल थेरेसा देवोरोक (23) इंडियन काउंट ट्रेनिंग एसोसिएशन से अनुमति लेकर चौखंबा ट्रैकिंग पर गए थे। उनके पास 11 सितंबर से 18 अक्तूबर तक की अनुमति है। तीन अक्तूबर शाम को चौखंबा पर चढ़ाई के दौरान उनका सामान व अन्य उपकरण बैग सहित खाई में गिर गए। जिससे वे बर्फ से ढके चौखंबा पवर्त पर फंस गए। महिला पर्यटकों ने पेजर से अपनी एंबेसी से संपर्क किया। जिसके बाद चमोली जिला प्रशासन ने वायुसेना से सर्च अभियान चलाने का अनुरोध किया। शुक्रवार सुबह वायुसेना के दो चेतक हेलिकॉप्टरों ने सरसावा (सहारनपुर) एयरबेस से उड़ान भरी और बदरीनाथ से लगी चौखंबा-थ्री चोटी पर सर्च अभियान चलाया। काफी खोजबीन के बाद भी लापता पर्यटकों का पता नहीं चल पाया है।