उत्तराखंड में आफत की बारिश का अलर्ट, लैंडस्लाइड बढ़ाएगा परेशानी

Spread the love

उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी बारिश वाले होंगे। पिछले कई दिनों से लगातार कई जिलों में बारिश हो रही है। ऐसे में अब आने वाले 48 घंटे के लिए भी अलर्ट जारी होने के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों को भी विशेष एहतियात बरतनी होगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 10 अगस्त 2026 को लेकर प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 10 अगस्त को राज्य के देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की पूरी संभावना जताई है।

इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भी मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे तटीय इलाकों और संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका काफी ज्यादा बढ़ गई है। इन जिलों समेत प्रदेश के शेष हिस्सों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र से अति तीव्र वर्षा के दौर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। भारी वर्षा के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की स्थिति पैदा हो सकती है।