जापान की एक महिला अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी करने बागेश्वर आई और सरयू नदी में पति की अस्थियों को विसर्जित किया। घटना बागेश्वर के सरयू तट की है। यहां जापान की मियाको केटलेट अपने पति रॉबर्ट केटलेट की अस्थियां लेकर यहां पहुंचीं। जापानी धर्म गुरु ने विधि-विधान से पूजा कराई और मंत्रोच्चारण के बीच मियाको ने अस्थियों को सरयू की पवित्र धारा में प्रवाहित किया। रॉबर्ट केटलेट मूल रूप से अमेरिका के निवासी थे और वहां अंग्रेजी के प्रोफेसर थे। 2005 में एक योग साधना शिविर के दौरान उनकी मुलाकात मियाको से हुई। दोनों के बीच का परिचय धीरे-धीरे गहरे रिश्ते में बदल गया। उस समय मियाको जापान में अंग्रेजी की प्रोफेसर थीं। उन्होंने रॉबर्ट को जापान आने और वहां अंग्रेजी के प्रोफेसर के रूप में काम करने के लिए आमंत्रित किया। मियाको के आग्रह पर रोबर्ट 2007 में अमेरिका से जापान आ गए और वहीं बस गए।