उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने पर्वतीय जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई भविष्यवाणी के अनुसार अधिकतर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

Share

उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद मौसम करवट बदल रहा है। तड़के गंगोत्री व यमुनोत्री धाम सहित आस-पास बर्फबारी हुई तो बड़कोट तहसील क्षेत्र में बारिश। Uttarakhand Orange Alert वहीं, मैदानी इलाकों में कई जगह हल्का कोहरा छाया हुआ है। खास बात यह है कि राज्य में पिछले लंबे समय से अच्छी बारिश और बर्फबारी नहीं हुई है। पर्वतीय जनपदों में मौसम विभाग ने भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी भी जारी कर दी है। मौसम विभाग ने पर्वतीय जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई भविष्यवाणी के अनुसार अधिकतर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। बर्फबारी राज्य के 2500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर होने की संभावना है।

नवंबर की शुरुआत में हुई हल्की वर्षा के बाद से मौसम रूठा हुआ है। शुष्क मौसम के कारण लंबे समय से मैदान में कोहरा और पहाड़ों में पाले ने आमजन की मुश्किलें बढ़ाईं। अब आखिरकार प्रदेश में वर्षा-बर्फबारी की उम्मीद जगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में आज और कल पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से भारी बर्फबारी की संभावना है। कहीं-कहीं भारी वर्षा और ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है। ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है। बुधवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा तो न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इस तरह गुरुवार को अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी रिकॉर्ड की जा सकती है।