उत्तराखंड में आंधी, तूफान और बारिश के साथ-साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है, कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 अप्रैल को उत्तराखंड के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं 4000 मीटर से अधिक ऊंचे वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान जताया गया है। पहाड़ों की यह ठंडक मैदानी इलाकों तक भी पहुंचेगी, जिससे अगले 3-4 दिनों में राज्य के औसत तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों में अंधड़ के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है। इन इलाकों में मौसम तेजी से बिगड़ सकता है, जिसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी कर प्रशासन को सतर्क किया गया है।