कलियर उर्स मेले में क्यों मचा बवाल?दो पक्ष भिड़े, लाठी-डंडे चले! | Uttarakhand News

Spread the love

कलियर दरगाह के 758वें सालाना उर्स मेले में सोमवार रात दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। लंढौरा निवासी एक युवक अपने दोस्तों के साथ मेले में जा रहा था, तभी पुरानी रंजिश के चलते कुछ स्थानीय युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से युवक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। मेले जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में अचानक हुई इस मारपीट से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई और जायरीनों व दुकानदारों में भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पिरान कलियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष की ओर से 8 से 10 नामजद और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ पुलिस में जानलेवा हमले की तहरीर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मारपीट के वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उर्स मेले की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है तथा शांतिभंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।