मौसम अपडेट: देहरादून सहित पांच जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, रहे सतर्क

Spread the love

उत्तराखंड में मॉनसून की रफ्तार एक बार फिर आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनकर सामने आ रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून केंद्र ने आज यानी 13 जुलाई से लेकर अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने पहाड़ से लेकर मैदान तक जनजीवन प्रभावित कर दिया है।हालांकि, रविवार को अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश का दौर कुछ धीमा रहा, लेकिन बीते दिनों की वर्षा से पैदा हुई मुश्किलें अभी भी बरकरार हैं। जगह-जगह भूस्खलन के कारण संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं और उन्हें खोलने के लिए प्रशासन व संबंधित विभागों की टीमें लगातार राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हैं। यमुनोत्री मार्ग तीन दिन से अवरुद्ध है।

देहरादून मौसम केंद्र के अनुसार आज प्रदेश के देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर गरज और चमक के साथ भारी बारिश का अंदेशा जताया गया है। जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पर्वतीय जिलों में कुछ जगहों पर गरज और चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। बात राजधानी देहरादून की करें तो यहां आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश गरज के साथ एक या दो दौर होने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के जनपदों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश लोगों की परेशानियों को बढ़ा सकते हैं।