उत्तराखंड के दो प्रशासनिक अधिकारियों की अनूठी शादी: कर्णप्रयाग के पौराणिक मां उमा देवी मंदिर में लिए सात फेरे

Spread the love

आज के दौर में जहां शादियों में करोड़ों रुपये खर्च करना और भव्य दिखावा करना एक चलन बन गया है, वहीं उत्तराखंड के दो युवा प्रशासनिक अधिकारियों ने बेहद सादगी से विवाह कर समाज के सामने एक अनूठी मिसाल पेश की है। कर्णप्रयाग के उपजिलाधिकारी (SDM) अलकेश नौडियाल और अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण की एसडीएम याक्षी अरोड़ा शुक्रवार को वैवाहिक बंधन में बंध गए। दोनों अधिकारियों ने चमोली जिले के सुप्रसिद्ध और पौराणिक मां उमा देवी मंदिर में सादे समारोह में सात फेरे लिए। इस शाही पद पर आसीन जोड़े की शादी में न तो कोई भव्य टेंट लगाया गया था, न ही तेज आवाज में बजने वाला डीजे और न ही मेहमानों की भारी भीड़। मंदिर की घंटियों की गूंज और पुजारियों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने अपने परिवार के चुनिंदा सदस्यों और बेहद करीबी लोगों की मौजूदगी में उत्तराखंड की पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में पूरी कीं। स्थानीय लोगों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने नवदंपति को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।

एसडीएम अलकेश नौडियाल की कर्तव्यनिष्ठा की भी क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है। दरअसल, 14 नवंबर से 20 नवंबर तक चले ऐतिहासिक 74वें राजकीय औद्योगिक एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के सफल संचालन की जिम्मेदारी उन्हें ‘मेलाधिकारी’ के रूप में सौंपी गई थी। पूरे सप्ताह मेले की व्यवस्थाओं को बखूबी संभालने और मेले का सफलतापूर्वक समापन कराने के तुरंत बाद उन्होंने अपने जीवन के इस नए अध्याय की शुरुआत की। दोनों पीसीएस (PCS) अधिकारियों के इस सादगी भरे विवाह की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उच्च प्रशासनिक पदों पर होने के बावजूद अपनी जड़ों और देवभूमि की संस्कृति से जुड़े रहना अन्य युवाओं के लिए भी एक बड़ा संदेश है।