हरिद्वार में गले में अजगर डालकर घूमता युवक! वीडियो वायरल | Uttarakhand News

Spread the love

हरिद्वार में गले में अजगर डालकर घूमते युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने वन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। यह चौंकाने वाली घटना हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास की बताई जा रही है, जहां एक युवक सरेराह अपने गले में विशालकाय अजगर को लपेटकर घूमता नजर आया। इस अजीबोगरीब और खतरनाक नजारे को देखने के लिए सड़क पर राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद से यह लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार वन विभाग ने युवक की तलाश और वीडियो की जांच शुरू कर दी है। हरिद्वार के प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अजगर एक संरक्षित जीव है, और इस तरह उसे पकड़ना या सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना पूरी तरह गैर-कानूनी है। वन विभाग की टीम फिलहाल वीडियो की सटीक लोकेशन और युवक की पहचान स्थापित करने में जुटी है ताकि उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।