कॉर्बेट में वन्यजीवों की रील पर अब सख्ती! लोकेशन वायरल की तो कार्रवाई! | Uttarakhand News

Spread the love

जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की रील बनाने और उनकी लाइव लोकेशन सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के खिलाफ पार्क प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। हाल ही में नियमों का उल्लंघन करने वाले 5 लोगों को नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन का मानना है कि ढिकुली, गर्जिया और धनगढ़ी जैसे संवेदनशील वन क्षेत्रों से सटीक लोकेशन के साथ वीडियो साझा करने से वन्यजीवों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो जाता है। इससे न सिर्फ जानवरों की निजता भंग होती है, बल्कि शिकारियों को भी उनकी मौजूदगी का आसानी से पता चल जाता है, जिससे वन्यजीव तस्करी का जोखिम काफी बढ़ जाता है।इस बढ़ते खतरे से निपटने के लिए पार्क की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप टीम सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रख रही है। नए नियमों के तहत, रील या व्यूज बटोरने के चक्कर में बाघ या अन्य जानवरों का रास्ता रोकने, उनका पीछा करने या उन्हें परेशान करने वालों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सीधे जेल भेजने का प्रावधान किया गया है।