दोस्तो अल्मोड़ा जनपद से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम स्थित पुरातत्व संग्रहालय की 9 प्राचीन और दुर्लभ मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की सुगबुगाहट ने पूरे उत्तराखंड की सियासत में उबाल ला दिया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी ASI की टीम के संग्रहालय पहुंचने की खबर मिलते ही क्षेत्र के पुजारी, व्यापार मंडल और स्थानीय नागरिक मौके पर जुट गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। दूसरी ओर, अब इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल भी मैदान में उतर आए हैं। दोस्तो देवभूमि उत्तराखंड की आस्था और प्राचीन विरासत पर एक बार फिर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। अल्मोड़ा के विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम स्थित पुरातत्व संग्रहालय में वर्षों से सुरक्षित रखी गई 9 प्राचीन और दुर्लभ मूर्तियों को बिना क्षेत्रवासियों को विश्वास में लिए दिल्ली ले जाने की तैयारी ने आग में घी डालने का काम किया है। दोस्तो जैसे ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की टीम संग्रहालय पहुंची, इलाके के पुजारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल और आम नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने मौके पर पहुंचकर न सिर्फ एएसआई टीम का घेराव किया, बल्कि दो टूक शब्दों में साफ कर दिया कि लकुलीश और पौण राजा जैसी ऐतिहासिक मूर्तियां जागेश्वर की आत्मा हैं और इन्हें किसी भी कीमत पर पहाड़ से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। स्थानीय लोगों के इस आंदोलन को अब बड़ा राजनीतिक समर्थन भी मिल गया है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल खुद जागेश्वर संग्रहालय पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर पुरातत्व विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कुंजवाल ने साफ कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के उत्तराखंड की धरोहर को दिल्ली शिफ्ट करना पहाड़ की आस्था और पर्यटन के साथ सीधा खिलवाड़ है। दोस्तो जागेश्वर से उठी विरोध की यह चिंगारी अब देहरादून की सियासत तक पहुंच चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशल मीडिया और मीडिया के जरिए केंद्र सरकार और पुरातत्व विभाग पर सीधा हमला बोला है। हरीश रावत ने कहा कि, कांग्रेस शासनकाल में जागेश्वर में यह संग्रहालय इसीलिए बनाया गया था ताकि यहां की प्राचीन मूर्तियां अपने मूल स्थान पर सुरक्षित रहें और श्रद्धालुओं को उनके दर्शन हो सकें। दोस्तो हरीश रावत ने सवाल उठाया कि जब देश विदेशों से अपनी प्राचीन मूर्तियां वापस ला रहा है, तब जागेश्वर की धरोहर को दिल्ली ले जाने का तुगलकी फैसला क्यों लिया जा रहा है? हरीश रावत ने गोविंद सिंह कुंजवाल को मौके पर डटे रहने को कहा है और चेतावनी दी है कि अगर यह प्रक्रिया तत्काल नहीं रोकी गई, तो वे खुद जागेश्वर धाम जाकर आंदोलन की कमान संभालेंगे।
इधर दोस्तो गुस्साए क्षेत्रवासियों ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को संबोधित एक ज्ञापन तैयार किया है, जिसकी प्रतियां प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री, राज्यपाल, पर्यटन मंत्री और जिलाधिकारी अल्मोड़ा को भेजी गई हैं। प्रदर्शनकारियों ने पुरातत्व विभाग की टीम से लिखित आश्वासन मांगा है कि यहां से एक भी मूर्ति बाहर नहीं ले जाई जाएगी। लोगों ने दो टूक अल्टीमेटम दे दिया है कि यदि आज ही विभाग की ओर से लिखित पत्र नहीं दिया गया, तो संग्रहालय के गेट पर ही अनिश्चितकालीन धरना और अनशन शुरू कर दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और पुरातत्व विभाग की होगी। बहरहाल, दोस्तो जागेश्वर धाम की इन 9 प्राचीन मूर्तियों को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब सिर्फ एक प्रशासनिक मामला नहीं रहा, बल्कि पहाड़ की अस्मिता और सियासत का बड़ा मुद्दा बन गया है। एक तरफ स्थानीय लोग और कांग्रेस नेता आर-पार के मूड में हैं, तो दूसरी तरफ पुरातत्व विभाग की चुप्पी लोगों के गुस्से को और भड़का रही है। अब देखना होगा कि सरकार जनता की भावनाओं के आगे झुकते हुए इस फैसले को वापस लेती है, या फिर जागेश्वर में एक बड़े जनआंदोलन की शुरुआत होती है।