ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा से इस वक्त की सबसे बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। शहर की सबसे पॉश और शांत मानी जाने वाली आवास विकास कॉलोनी में दिनदहाड़े दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। गोलियों की तड़तड़ाहट से कॉलोनी में दहशत फैल गई, वहीं मौके पर सड़क पर बिखरे जिंदा कारतूस और चले हुए खोखे बदमाशों के बुलंद हौसलों की गवाही दे रहे हैं। गनीमत रही कि सर्दी की धूप सेंक रहे बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे इस गोलीबारी की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। ऊधमसिंह नगर के किच्छा में कानून-व्यवस्था को खुलेआम चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार/शनिवार को शहर की सबसे वीआईपी मानी जाने वाली आवास विकास कॉलोनी को रणभूमि में तब्दील कर दिया। कॉलोनी के मुख्य चौराहे पर दो-तीन गाड़ियों में सवार होकर आए दो गुटों ने पहले एक-दूसरे को ओवरटेक कर रोका, फावड़े से गाड़ियों के शीशे चकनाचूर किए और फिर देखते ही देखते ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दोस्तो आवास विकास कॉलोनी के इतिहास में इस तरह के दुस्साहस की यह पहली घटना बताई जा रही है। मौके की तस्वीरें बेहद खौफनाक हैं— सड़क पर न सिर्फ चली हुई गोलियों के खोखे बिखरे पड़े हैं, बल्कि तीन-चार जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। जिस वक्त यह खूनी संघर्ष और गोलीबारी हुई, उस वक्त सर्दी के मौसम में कॉलोनी की तमाम महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे घरों के बाहर धूप सेंक रहे थे। पास ही पचासों मजदूर भी काम कर रहे थे।
अचानक हुई फायरिंग से इलाके में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। दोस्तो इस सनसनीखेज वारदात के बाद वार्ड सभासद और व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। जनप्रतिनिधियों का साफ कहना है कि आवास विकास कॉलोनी में बाहरी गाड़ियों और अराजक तत्वों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिस पर पुलिस प्रशासन कोई लगाम नहीं लगा पा रहा है। व्यापारियों ने भी साफ कर दिया है कि शांत शहर में इस तरह की गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोस्तो दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की सूचना मिलते ही किच्छा कोतवाली से वरिष्ठ उपनिरीक्षक बुढानी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर सबूत जुटाए और सड़क पर पड़े जिंदा कारतूस व खोखों को कब्जे में लिया। आसपास के घरों और चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें हमलावरों की गाड़ियां और चेहरे कैद हुए हैं। बहरहाल दोस्तो पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गोली चलाने वाले बदमाशों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शहर की सबसे सुरक्षित और पॉश कॉलोनी में ही दिनदहाड़े गोलियां चलेंगी और सड़क पर जिंदा कारतूस बिखरे मिलेंगे, तो फिर आम आदमी खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेगा? अब देखना होगा कि खाकी इन बेखौफ बदमाशों पर कब तक शिकंजा कसती है।