उत्तराखंड में भारी बारिश के लगातार खतरे और मौसम विभाग के ऑरेंज-येलो अलर्ट के बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे मुस्तैद रहने और आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। CM धामी ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए जरूरत पड़ने पर खराब मौसम के दौरान चारधाम यात्रा को अस्थाई रूप से रोका भी जा रहा है। SDRF, NDRF, पुलिस, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभागों को आपस में बेहतर तालमेल बनाकर किसी भी आपात स्थिति के लिए तुरंत तैयार रहने को कहा गया है। भूस्खलन या मलबे के कारण बंद हुई सड़कों और मुख्य मार्गों को तुरंत खोलने के लिए जेसीबी और आवश्यक मशीनरी को संवेदनशील पॉइंट पर तैनात रखने के निर्देश हैं।