6 नवंबर को अमित शाह का दौरा, उत्तराखंड को मिलने वाली है कौन सी बड़ी सौगात?| Uttarakhand News

Spread the love

देहरादून में 6 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के साथ उत्तराखंड पुलिस के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। देहरादून स्थित पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में गृह मंत्री उत्तराखंड पुलिस को देश के सर्वोच्च सम्मानों में से एक ‘प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर’ (राष्ट्रपति पुलिस ध्वज) प्रदान करेंगे। यह कार्यक्रम पहले 9 नवंबर यानी राज्य स्थापना दिवस पर प्रस्तावित था, लेकिन आगामी त्योहार को देखते हुए तारीख को बदलकर 6 नवंबर कर दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शासन-प्रशासन ने इस ऐतिहासिक आयोजन और गृह मंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व रूट प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं।

इस दौरे के दौरान उत्तराखंड पुलिस को न केवल सर्वोच्च सम्मान की सौगात मिलेगी, बल्कि 26 वर्षों बाद बल की पहचान में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। समारोह में गृह मंत्री अमित शाह पुलिस के नए प्रतीक चिह्न (लोगो) और नए ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ का औपचारिक अनावरण करेंगे। राज्य गठन के समय से चले आ रहे ध्येय वाक्य ‘मित्रता सेवा सुरक्षा’ के स्थान पर यह नया आदर्श वाक्य लागू होगा। इसके साथ ही गृह मंत्री राजधानी में एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं, जिसको लेकर भाजपा संगठन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।