रामनगर: सुबह-सुबह 86 मकानों पर चला बुलडोजर, आखिर किसकी थी 14 हेक्टेयर जमीन?| Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर स्थित पुछड़ी बस्ती में प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाते हुए वन विभाग की सरकारी भूमि पर बने करीब 86 अवैध पक्के मकानों को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह जमींदोज कर दिया है. कोसी नदी के किनारे वन विभाग की लगभग 14 हेक्टेयर आरक्षित वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए यह व्यापक अभियान चलाया गया. इस दौरान क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से निर्मित की गई दो मजारों को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है.

क्षेत्र में किसी भी संभावित विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए तड़के सुबह 5 बजे से ही भारी सुरक्षा बल की तैनाती के साथ अभियान की शुरुआत की गई थी. पूरी कार्रवाई को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम देने के लिए पुछड़ी बस्ती को 14 अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया था, जहाँ एक साथ 14 बुलडोजरों ने तोड़फोड़ शुरू की. सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के तहत मौके पर 5 एसपी, 6 सीओ, 525 पुलिस के जवान, पीएसी (PAC) की 3 कंपनियां और वन विभाग के 200 से अधिक कर्मचारी मुस्तैद रहे, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी.