“पहाड़ में जब किसी लकड़ी के घर में चिंगारी भड़कती है, तो मिनटों में दशकों की जमापूंजी राख हो जाती है। लेकिन अब तक नियमों की पेचीदगी के कारण पीड़ित परिवारों को वह सरकारी मदद नहीं मिल पाती थी, जो बाढ़ या भूस्खलन में मिलती है। उत्तरकाशी के पवाणी गांव की राख अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक ऐसा फैसला ले लिया है, जो पूरे उत्तराखंड के लिए नजीर बन गया है। पूरी खबर देखिए। दोस्तो उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 27 नवंबर 2026 को देहरादून में एक ऐसा नीतिगत फैसला सुनाया है, जिसका सीधा असर पहाड़ के हर घर और हर परिवार पर पड़ेगा। सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान की सफलता की याद में मनाए जा रहे पहले ‘आपदा प्रबंधन दिवस’ के मौके पर सीएम धामी ने घोषणा की कि अब प्रदेश के आवासीय भवनों में किसी भी दुर्घटना के कारण लगने वाली आग की घटना को ‘आपदा’ माना जाएगा। दोस्तो इसका सीधा मतलब यह है कि अब घर में आग लगने पर पीड़ित परिवारों को मदद के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष की फाइलों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि उन्हें सीधे राज्य आपदा मोचन निधि यानी SDRF के तय मानकों के अनुरूप तत्काल आर्थिक सहायता और राहत राशि दी जाएगी। सरकार के इस संवेदनशील फैसले के पीछे की कहानी उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के दूरस्थ गांव पवाणी की उस चीख-पुकार से जुड़ी है, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। कुछ ही दिन पहले पवाणी गांव में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते 39 आवासीय भवनों को अपनी चपेट में ले लिया था। इस अग्निकांड में 56 परिवारों के सिर से छत छिन गई थी और लोगों के पास तन पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा था।
दोस्तो जब 26 नवंबर को मुख्यमंत्री धामी खुद हेलीकॉप्टर से पवाणी गांव पहुंचे और राख के ढेर पर बैठे बेबस परिवारों का दर्द सुना, तो प्रशासनिक नियमों की एक बड़ी कमी सामने आई। दरअसल, अब तक के नियमों के तहत अग्निकांड के मामलों में ‘आपदा मद’ से गृह अनुदान अनुमन्य नहीं था, जिसके कारण जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद की गुहार लगानी पड़ती थी। पवाणी गांव में सीएम ने हर प्रभावित परिवार को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान तो किया ही, साथ ही देहरादून लौटते ही इस नियम को ही हमेशा के लिए बदल दिया। आग को आपदा की श्रेणी में शामिल करने के साथ ही मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन तंत्र को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए तीन और बड़े ऐलान किए हैं एक एक कर सझिए। 1- मददगारों को मिलेगा सम्मान और इनाम, अक्सर देखा जाता है कि सड़क हादसे या आपदा के वक्त लोग कानूनी पचड़ों से डरकर मदद करने से कतराते हैं। अब सरकार ने तय किया है कि आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निस्वार्थ भाव से राहत और बचाव कार्य में सहयोग करने वाले आम नागरिकों को सरकार सम्मानित और पुरस्कृत करेगी। 2- रिटायर्ड फौजियों और पुलिसकर्मियों की फौज, उत्तराखंड में पूर्व सैनिकों और अर्धसैनिक बलों से रिटायर हुए जवानों की बड़ी संख्या है। सरकार अब सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और पुलिस के सेवानिवृत्त कर्मियों को आपदा बचाव का विशेष प्रशिक्षण देगी। ये प्रशिक्षित जवान गांवों और शहरों में आम जनता को आपदा से निपटने के गुर सिखाएंगे।
3- स्कूल-कॉलेजों में ‘आपदा मित्र’ शिक्षक, पहले चरण में राज्य के अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में हर 1,000 छात्रों पर एक शिक्षक को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। दोस्तो ये शिक्षक संस्थानों में ‘आपदा मित्र’ के रूप में काम करेंगे और बच्चों को नियमित रूप से आपदा जोखिमों के प्रति जागरूक करेंगे। यह पूरा कार्यक्रम इसलिए भी खास रहा क्योंकि 28 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर उत्तराखंड ने दुनिया के सामने आपदा प्रबंधन की एक मिसाल पेश की थी। उसी ऐतिहासिक सफलता की याद में प्रदेश में 28 नवंबर को ‘आपदा प्रबंधन दिवस’ के रूप में मनाने की शुरुआत की गई है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (SDMP) 2026-27 का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश में आपदा से निपटने के लिए 133 क्विक रिस्पॉन्स टीमें (QRT) गठित की गई हैं, जिनमें 2,250 सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए राज्य भर में 169 सेंसर और 112 सायरन लगाए जा चुके हैं। साथ ही दोस्तो उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में ज्यादातर घर लकड़ी और पारंपरिक निर्माण सामग्री से बने होते हैं, जहां सर्दियों में शॉर्ट सर्किट या चूल्हे की चिंगारी से आग लगने का खतरा हमेशा बना रहता है। सरकार का आवासीय भवनों की आग को ‘आपदा’ घोषित करने का फैसला पहाड़ के हजारों परिवारों के लिए एक बड़े सुरक्षा कवच की तरह है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस नए नियम को जमीनी स्तर पर कितनी तेजी और पारदर्शिता से लागू करता है।