देहरादून जिले के पछवादून (विकासनगर) क्षेत्र में आज सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। कालसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर के समीप एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो साल की एक मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह के समय हुआ जब एक बोलेरो जीप हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू (नेरूआ) से विकासनगर की ओर आ रही थी। वाहन में चालक समेत कुल 7 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी यात्री नेपाली मूल के मजदूर थे, जो हिमाचल प्रदेश में अपना काम खत्म कर वापस अपने घर नेपाल लौट रहे थे।
जैसे ही वाहन कालसी क्षेत्र में कोटी रोड पर धमोग मंदिर के पास पहुंचा, चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे करीब 15 मीटर नीचे टोंस नदी की ओर खाई में जा गिरी। वाहन के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस और जवानों ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सड़क तक पहुंचाया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राधिका (2 वर्ष) पुत्री डमर और नरबहादुर (56 वर्ष) पुत्र गंगा बहादुर (निवासी अछाम कटारी, नेपाल) के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए 5 लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।