पुरोला में बिजली कटौती पर बवाल!दुकानें बंद… सड़क पर उतरे व्यापारी! | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तरकाशी के पुरोला में लगातार हो रही अनियमित बिजली कटौती के खिलाफ स्थानीय व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। लंबे समय से जारी बिजली की आंख-मिचौली से परेशान होकर व्यापार मंडल के आह्वान पर आज शुक्रवार को नगर के सभी प्रमुख बाजार पूरी तरह बंद रहे। कंप्यूटर सेंटर, दूध डेयरी, फोटोकॉपी, वेल्डिंग और मिष्ठान जैसी बिजली पर निर्भर दुकानों के ठप होने से नाराज व्यापारी सड़कों पर उतर आए और उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अंकित पंवार के नेतृत्व में आक्रोशित व्यापारियों ने न सिर्फ विरोध प्रदर्शन किया, बल्कि विद्युत कार्यालय में तालाबंदी और चक्का जाम करने का भी एलान किया। व्यापारियों का आरोप है कि उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों को बार-बार शिकायत करने के बावजूद इस गंभीर समस्या को पूरी तरह अनसुना किया गया, जिससे स्थानीय कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि नगर क्षेत्र में तत्काल निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक उग्र करने के लिए मजबूर होंगे।