Dehradun: परेड ग्राउंड दीपोत्सव में सीएम धामी, बोले- लंबे इंतजार के बाद भगवान श्रीराम के हुए दर्शन

राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग करते हुए दीपक जलाए।

Share

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को परेड ग्राउंड देहरादून में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। Ayodhya Ram Mandir Pran Pratistha इस दौरान मुख्यमंत्री की मौजूदगी में परेड ग्राउंड में 1.5 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। मुख्यमंत्री ने स्वयं भी लोगों के बीच पहुंचकर दीप जलाए एवं सभी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा लंबे इतंजार के बाद अयोध्या में श्रीरामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का शुभ अवसर देशवासियों को देखने को मिल रहा है। भगवान श्रीराम का जन्म त्रेता युग में हुआ है, लेकिन वह अपने भक्तों के लिए कलयुग में भी दर्शनों के लिए साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने भक्तों के साथ जय जय राम, जय श्रीराम भजन गाकर माहौल भक्तिमय कर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर बनाए जाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। जिसके साक्षी आज देशवासी हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर बढ़ रहा है। भगवान श्रीराम के जन्म को पांच हजार 126 वर्ष हो गए हैं, लेकिन वह कलयुग में भक्तों को अपने दर्शन दे रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोग राम भक्त भी हैं और राष्ट्र भक्त भी हैं। जब से राज्य में इस पखवाडे़ की शुरूआत हुई, तब से पूरा प्रदेश राममय हो गया है। हम सौभाग्यशाली हैं जो आज प्रभु श्रीराम के भव्य और दिव्य मंदिर निर्माण के साक्षी बन रहे हैं। प्रधानमंत्री जी 11 दिन की कठिन साधना कर रहे हैं। आने वाले समय में भारत विश्व को राह दिखाए, इसके लिए वो अपना पल-पल समर्पित कर रहे हैं।