देहरादून के बैरागीवाला गांव में लोगों के एक समूह ने घर में घुसकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 44 वर्षीय स्थानीय कार्यकर्ता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि परिवार के तीन सदस्यों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद प्रदेश में सियासी पारा गरमा गया है। वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घटना की निंदा की है। साथ ही आपसी सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त एक्शन की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा, उत्तराखंड में कोई भी कानून अपने हाथ में लेगा या अपराध करेगा तो प्रशासन कानून के तहत ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगा। देहरादून जिले के सहसपुर में हुई घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है, जो लोग कानून को चुनौती देने का दुस्साहस करेंगे, उन्हें ऐसा दंड मिलेगा कि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने से पहले हजार बार सोचेगा। प्रशासन घटना से जुड़े हर पहलु की जांच कर रहा है, मामले में कठोरतम कार्रवाई की जाएगी, किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम छह और साढ़े छह बजे के बीच खेत की सिंचाई को लेकर भाजपा कार्यकर्ता विनोद का अपने ही गांव के इम्तियाज के साथ विवाद हो गया था। पुलिस ने बताया कि विवाद के बाद लाठियों, लकड़ी के पट्टों, हथौड़ों और फावड़ों से लैस 40 से अधिक लोगों का एक समूह विनोद के घर पहुंचा और परिवार पर हमला कर दिया। सिर पर हथौड़े से वार किए जाने के कारण विनोद की मौत हो गई। विनोद की हत्या के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया, गुस्साई भीड़ ने सड़क जाम कर दी, जिसके कारण भारी पुलिस बल तैनात किया गया। दक्षिणपंथी संगठनों ने रविवार सुबह विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि इलाके में पानी के झगड़े को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। वहीं पीड़ित पक्ष और स्थानीय लोग बीती देर रात तक थाने में डटे रहे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी पीड़ित परिवार के साथ मौजूद रहे। साथ ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही।