देहरादून में SIR पर CM धामी का कांग्रेस पर सीधा हमला!| Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के विरोध पर तीखा प्रहार करते हुए विपक्ष को आड़े हाथों लिया है। देहरादून में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि देश किसी भी राजनीतिक दल की जोर-जबरदस्ती से नहीं, बल्कि संविधान, तय व्यवस्था और चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार ही चलेगा। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद से अब तक करीब 20 बार एसआईआर की प्रक्रिया अपनाई जा चुकी है, लेकिन इस बार जब मतदाता सूची को निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से व्यवस्थित और शुद्ध करने का काम हो रहा है, तो कांग्रेस बेवजह हंगामा खड़ा कर रही है।

सीएम धामी ने विपक्षी दल के विरोध पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस विशेष शुद्धिकरण अभियान के तहत फर्जी वोटर्स, एक व्यक्ति के कई राज्यों में बने वोट और अन्य संदिग्ध प्रविष्टियों को हटाने का काम किया जा रहा है. उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए सीधे लहजे में पूछा कि क्या गलत तरीके से राज्य में आए घुसपैठियों को यहां मतदान करने का अधिकार मिलना चाहिए? मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव में हार की हताशा की वजह से कांग्रेस पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है. उन्होंने कटाक्ष किया कि अगर चुनाव आयोग की इस पारदर्शी प्रक्रिया से किसी को परेशानी हो रही है, तो इसका सीधा मतलब यही है कि ‘दाल में कुछ काला है’।