“देहरादून में कानून-व्यवस्था ध्वस्त!”सूर्यकांत धस्माना का सरकार पर बड़ा हमला | Uttarakhand News

Spread the love

राजधानी देहरादून में पिछले कुछ समय से लगातार हो रही गंभीर आपराधिक घटनाओं को लेकर सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है। रायपुर के विष्णु लोक में हाल ही में हुए दर्दनाक तिहरे हत्याकांड ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इसी मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेस के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद वर्धन से सचिवालय में मुलाकात की और सरकार के खिलाफ तीखा हमला बोला। धस्माना ने मुख्य सचिव को एक मांग पत्र सौंपते हुए सीधे तौर पर आरोप लगाया कि देहरादून में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उनके मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो गया है और शहर में पूरी तरह ‘अपराधियों का राज’ कायम हो चुका है। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों और पॉश इलाकों में दिनदहाड़े हो रही वारदातों के कारण आम जनमानस में फैले डर और असुरक्षा के माहौल पर गहरी चिंता व्यक्त की।

मुख्य सचिव को सौंपे गए मांग पत्र में कांग्रेस नेता ने हाल ही में घटित कई बड़ी घटनाओं को रेखांकित करते हुए पुलिस प्रशासन की नाकामी पर सवाल उठाए। उन्होंने परेड ग्राउंड में प्रेस क्लब के ठीक सामने दिनदहाड़े हुई युवक की हत्या, राजपुर रोड पर एसएसपी बंगले के पास सिल्वर सिटी मॉल में हुआ शूटआउट, जोहड़ी गांव में गैंगवार के दौरान रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत और पलटन बाजार में युवती पर हुए जानलेवा हमले जैसी वारदातों का हवाला दिया। इसके साथ ही, भाजपा पार्षद के घर में नशीला पदार्थ खिलाकर हुई बड़ी लूट का जिक्र करते हुए उन्होंने मांग की कि चौकी स्तर से लेकर जिला स्तर तक के पुलिस अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय की जानी चाहिए। इस चौतरफा राजनीतिक दबाव और जनता के आक्रोश के बीच पुलिस तंत्र भी हरकत में आया है।