मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को परेड मैदान स्थित बहुद्देशीय क्रीडा हॉल में उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब की ओर से आयोजित अंतरविभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता-2021 का शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता 20 दिसंबर तक राज्य आंदोलनकारी व पूर्व उपाध्यक्ष सचिवालय संघ स्व. संदीप मोहन चमोला की स्मृति में आयोजित की जा रही है।
शनिवार को मुख्यमंत्री धामी ने स्व. संदीप मोहन चमोला के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब की पत्रिका प्रयास का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। खिलाड़ियों में खेल भावना के साथ आपसी सामंजस्य भी बढ़ता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आन्दोलनकारी एवं पूर्व उपाध्यक्ष सचिवालय संघ स्व. संदीप मोहन चमोला एक अच्छे अधिकारी थे। युवा मोर्चा में भी उन्होंने साथ कार्य किया।
इस अवसर पर डीजीपी अशोक कुमार, अपर सचिव उदय राज, राज्य आंदोलनकारी व पूर्व उपाध्यक्ष सचिवालय संघ स्व. संदीप मोहन चमोला की पत्नी प्रेमा चमोला, उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष रणजीत भिलंगवाल, सचिव सुनील लखेड़ा, भूपेन्द्र बसेड़ा, प्रमोद कुमार, जेपी मैखुरी, जीतमणि पैन्यूली, उल्लास भटनागर आदि थे।