राजधानी देहरादून का प्रेमनगर क्षेत्र बुधवार देर रात गोलियों की आवाज से दहल उठा। पौंधा इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच बेहद करीब से मुठभेड़ हुई, जिसमें एक कुख्यात आरोपी मारा गया। जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ में SHO नरेश राठौर भी घायल हुए हैं। घटना रात करीब 10:30 बजे की है, जब प्रेमनगर पुलिस को संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। लूट की सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाने के SHO नरेश राठौर आरोपियों का पीछा करने लगे। इस दौरान उनकी आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान SHO नरेश राठौर को एक गोली लग गई।
SSP देहरादून, प्रमेंद्र डोभाल के अनुसार, पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान प्रेमनगर थाने के SHO नरेश राठौर को आरोपी द्वारा चलाई गई गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में कामयाब हो गया। घटना में घायल पीड़ित देवराज और SHO नरेश राठौर को पहले प्रेमनगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन चला दिया है। पूरे इलाके में जगह-जगह बैरिकेडिंग शुरू कर दी है। साथ ही जिले के बॉर्डर पर भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।