हाईटेक होगी दून ट्रैफिक पुलिस! हार्ले डेविडसन और BMW बाइक से पेट्रोलिंग करेंगे पुलिस के जवान

Spread the love

प्रदेश में पहली बार यातायात पुलिस के बेड़े में हार्ले डेविडसन या फिर बीएमडब्ल्यू कंपनी की बाइक आने वाली हैं। इसके लिए यातायात निदेशालय ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। Uttarakhand Traffic Police पहले चरण में यातायात निदेशालय 8 हार्ले डेविडसन या बीएमडब्ल्यू कंपनी की बाइक खरीदने वाला है। यह बाइक सड़क पर स्टंट कर अपनी और दूसरों की जान खतरे में डालने वालों पर चालानी कार्रवाई करेगी। बाइकों की तैनाती ऐसे क्षेत्रों में होगी, जहां पर अधिक सड़क दुर्घटना या फिर ब्लैक स्पॉट हैं। बता दें कि प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने हाल ही में समीक्षा बैठक की थी। जिसमें उन्होंने परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग और यातायात निदेशालय को निर्देश दिए थे कि हादसे रोकने के लिए सभी संभव कदम उठाए जाएं।

जिसके बाद यातायात निदेशालय ने सड़क सुरक्षा कोष से जरूरी उपकरण खरीद का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत आठ हार्ले डेविडसन या फिर बीएमडब्ल्यू कंपनी की हाइटेक बाइक एक करोड़ 68 लाख की कीमत से खरीदी जाएंगी। इसके अलावा प्रदेश में 10 स्थानों पर 74 लाख के खर्च से रडार स्पीड साइन बोर्ड और कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे चालानी कार्रवाई में भी आसान होगी। पुलिसकर्मियों को प्रवर्तन कार्रवाई के लिए 14.76 लाख की कीमत से बॉडी वार्न कैमरा दिए जाएंगे। कई खतरनाक मोड़ पर हादसे रोकने के लिए यातायात निदेशालय 9.55 लाख के बजट से 147 कॉन्वेक्स मिरर लगाएगा. साथ ही ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के कंधे पर लगाने के लिए 1243 शोल्डर लाइट खरीदी जाएंगी।