नैनीताल में नशे में झूमे पर्यटक!एक झील में उतरा, दूसरा सड़क पर धड़ाम! | Uttarakhand News

Spread the love

नैनीताल के मालरोड पर बुधवार को शराब के नशे में धुत हरियाणा के दो पर्यटकों ने जमकर हाई-वोल्टेज ड्रामा किया, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। नशे में पूरी तरह चूर एक पर्यटक अपने कपड़े उतारकर सीधे नैनी झील में नहाने के लिए उतर गया, जबकि उसका दूसरा साथी अपर माल रोड के बीच सड़क पर ही धड़ाम से लेट गया। इस हुड़दंग के कारण पहाड़ी पर्यटन स्थल की व्यस्त सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा काफी समझाने के बाद भी जब दोनों पर्यटक टस से मस नहीं हुए, तो किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही मल्लीताल रिक्शा स्टैंड चौकी के कांस्टेबल मनोज जोशी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए झील में उतरे पर्यटक को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं सड़क पर लेटे घायल पर्यटक को, जिसके माथे पर चोट आई थी, इलाज के लिए तत्काल बी. डी. पांडे अस्पताल भिजवाया गया। सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने और शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने दोनों हुड़दंगी पर्यटकों का नियमानुसार भारी चालान काटा है और उन्हें सख्त हिदायत देकर छोड़ा गया।