मशहूर मोटो-व्लॉगर और बिग बॉस 17 फेम अनुराग डोभाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। देहरादून पुलिस ने अनुराग डोभाल को उनके तीन साथियों के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। UK07 Rider Anurag Dobhal Arrested ‘बाबू भैया’ के नाम से मशहूर इस यूट्यूबर पर उनके ही चचेरे साले ने जानलेवा हमले, मारपीट और सोने की चेन लूटने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने भारी सुरक्षा के बीच आधी रात को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला एक पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। अनुराग डोभाल की पत्नी रितिका चौहान के चचेरे भाई राज सिंह चौहान ने देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 की शाम को हरिद्वार बाईपास के पास दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक मसले को सुलझाने के लिए एक बैठक बुलाई गई थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि अनुराग डोभाल और उनके साथियों ने राज सिंह चौहान को जबरन कार में बैठा लिया। कार के भीतर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और पीछे से उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की गई।
पीड़ित राज सिंह चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अनुराग और उनकी टीम ने उन पर लोहे की रॉड और चाकू से हमला किया। इतना ही नहीं, बंदूक दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़ित की कीमती घड़ी और सोने की चेन भी छीन ली। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नेहरू कॉलोनी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और अनुराग डोभाल समेत चारों आरोपियों को धर दबोचा। सुरक्षा कारणों के चलते पुलिस ने आधी रात को ही आरोपियों को देहरादून कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस पूरे मामले पर अनुराग डोभाल और उनके वकीलों की ओर से प्रतिक्रिया भी सामने आई है। अनुराग की टीम ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह से मनगढ़ंत और झूठा बताया है। उनका दावा है कि अनुराग डोभाल पर खुद उनकी पत्नी के परिवार वालों ने पहले से योजना बनाकर हमला किया था, और खुद को बचाने के लिए यह क्रॉस-केस दर्ज कराया गया है।