Haridwar इश्क बना कत्ल की वजह बेटी के प्रेमी ने ली पिता की जान | Uttarakhand News

Spread the love

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में हुए सनसनीखेज राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर के पीछे पारिवारिक विरोध और अवैध प्रेम संबंध की कहानी छिपी थी। मृतक राजवीर सिंह अपनी शादीशुदा बेटी के प्रेम संबंधों के खिलाफ थे, जो उनकी हत्या की बड़ी वजह बन गया। बेटी का प्रेमी पंकज कुमार उससे शादी करना चाहता था, लेकिन राजवीर के विरोध ने इस रिश्ते को खून-खराबे में बदल दिया।

पुलिस के मुताबिक 27 अप्रैल को बिजनौर निवासी राजवीर सिंह की सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के बेटे प्रियांशु की तहरीर पर बहादराबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी पंकज कुमार को कलियर रोड स्थित एक अस्पताल के बाहर से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी छोटे लाल के साथ मिलकर 26 अप्रैल की शाम राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बोंगला अंडरपास के पास खेत में बुलाया और हथौड़े से वार कर हत्या कर दी।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, स्प्लेंडर बाइक, मृतक का मोबाइल, पर्स और एटीएम कार्ड समेत अन्य सामान बरामद कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।