दोनों हाथ गंवाने वाले हरिओम का न्याय के लिए संघर्ष! SSP ने लिया संज्ञान | Uttarakhand News

Spread the love

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कंडोली निवासी दिव्यांग हरिओम सहगल ने पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और उनकी करीबी कांग्रेस नेत्री जसवीर कौर आनंद उर्फ सोनिया आनंद पर मकान खरीद में गंभीर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से न्याय की गुहार लगाई है। दोनों हाथ गंवा चुके पीड़ित के अनुसार, उन्होंने जून 2021 में अपना करोड़ों रुपये मूल्य का भवन ₹56 लाख के सौदे के तहत बेचा था, लेकिन उन्हें केवल ₹12.80 लाख ही मिले और बाकी रकम की एवज में दिए गए चेक बैंक में बाउंस हो गए। हरिओम का आरोप है कि पूरी रकम दिए बिना ही उनकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया गया और वर्षों से भटकने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल सका है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रकरण की विस्तृत जांच एसपी सिटी (SP City) को सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि दिव्यांग शिकायतकर्ता की तहरीर की निष्पक्षता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस नेत्री सोनिया आनंद ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है और शिकायतकर्ता की भाषा पर आपत्ति जताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई न होने पर एसएसपी कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी है।