31 अक्टूबर से शुरू होंगे खेल महाकुंभ के आयोजन, पहली बार न्याय पंचायत स्तर पर दी जाएगी पुरस्कार राशि

उत्तराखंड में आयोजित होने वाले खेल महाकुंभ की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 31 अक्टूबर से खेल महाकुंभ 2023 का आगाज होगा।

Share

उत्तराखंड में 31 अक्टूबर से Uttarakhand Khel Mahakumbh खेल महाकुंभ 2023 का आगाज होगा। खेल महाकुंभ को लेकर खेल विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में खेल महाकुम्भ-2023 की तैयारियों के संबंध में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। खेल मंत्री ने कहा कि विभाग द्वारा हर साल खेल महाकुम्भ का आयोजन अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में आरंभ किया जाता रहा है परंतु इस वर्ष अपरिहार्य कारणों से खेल महाकुम्भ-2023 का आयोजन 31 अक्टूबर 2023 से आरम्भ किया जायेगा जो कि दिसम्बर अंत माह तक चलेंगे। बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि पहली बार न्याय पंचायत स्तर के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किये जाएंगे।

खेल मंत्री ने कहा कि खेल महाकुम्भ-2023 के स्थान चयन, मुख्य अतिथि का निर्धारण तथा खेल महाकुम्भ-2023 में आयोजित होने वाले प्रतियोगिताओं के बारे में आगामी कुछ दिनों में होने वाली प्रेस वार्ता के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कर दी जायेगी।उन्होंने सभी तैयारियां तय समय पर पूर्ण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। इस बार खेल महाकुंभ में ब्लॉक से राज्य स्तर तक होने वाली प्रतियोगिताओं के विजेताओं को दी जाने वाली पुरस्कार राशि भी बढ़ाई गई है। जिसके तहत ब्लॉक स्तर पर पहले स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 500, दूसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 400 और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 300 रुपये की धनराशि दी जाएगी। इसी तरह राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं में पहले स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को 1500, दूसरे पर 1000 और तीसरे पर 700 रुपये की धनराशि दी जाएगी।