तीर्थनगरी हरिद्वार के एक नामचीन फाइव स्टार होटल में आज सुबह निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। Haridwar Five Star Hotel Accident होटल परिसर में निर्माण सामग्री से लदे एक ट्रक से भारी-भरकम मार्बल के पत्थर उतारते समय अचानक अनियंत्रित होकर गिर गए। इस हादसे में वहां काम कर रहे दो लोग पत्थरों के भारी मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, होटल परिसर में मार्बल से भरी गाड़ी को खाली करने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से मार्बल की भारी सिल्लियां एक युवक के ऊपर गिर गईं। वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने जब उसे बचाने का प्रयास किया, तो वह भी असंतुलित होकर गिर रहे पत्थरों की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वहां करीब 6 लोग काम कर रहे थे, जिनमें से दो लोग पूरी तरह पत्थरों के नीचे फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचीं। स्थानीय मजदूरों और राहत टीम ने भारी मशक्कत के बाद मार्बल के पत्थरों को हटाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। पत्थरों के नीचे से निकाले गए दोनों घायलों को तुरंत हरिद्वार के जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत AIIMS ऋषिकेश के लिए रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों को अंदरूनी और गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें से एक की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।