चमोली में बड़ा सड़क हादसा, कार दुर्घटना में चालक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

चमोली में एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौत हो गई। जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

Share

चमोली जिले से सड़क हादसे की खबर आ रही है। कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। Pickup vehicle crashed in Chamoli पिकअप वाहन ग्वालदम से थराली की ओर जा रहा था। लेकिन नासिर बाजार से लगभग 300 मीटर पहले अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में चालक समेत दो लोग सवार थे। दोनों को स्थानीय लोग और पुलिस की मदद से रेस्क्यू किया गया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली भेजा गया। जहां उपचार के दौरान चालक ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, थाना अध्यक्ष देवेंद्र पंत ने बताया कि गुरुवार को पिकअप वाहन संख्या यूके 11 CA 8455 ग्वालदम से थराली की ओर आ रहा था।

जैसे ही नगर पंचायत के बने कूड़े डंपिंग जोन के पास पहुंचा, अनियंत्रित होकर 50 मीटर खाई में जा गिरा। घटना के समय वाहन में चालक समेत दो लोग सवार थे। वाहन दुर्घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों का रेस्क्यू किया और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया। लेकिन उपचार के दौरान चालक पंकज कुनियाल निवासी करुड़ पानी ग्वालदम की मौत हो गई। जबकि हरी राम निवासी उत्तर प्रदेश की हालत गंभीर है। वहीं, पुलिस ने परिजनों को भी सूचना दे दी है। पुलिस पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कर रही है।